आम आदमी पार्टी जो कहती है वह करती है, पंजाब और दिल्ली में हमने अपने सभी वादे पूरे किए : मान

-मुख्यमंत्री भगवंत मान का दिल्ली के शकूरबस्ती, त्रिनगर और मंगोलपुरी में रोड शो
नई दिल्ली/चंडीगढ़, 21 जनवरी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों के लिए शकूरबस्ती, त्रिनगर और मंगोलपुरी में रोड शो किया और लोगों से ‘आप’ का समर्थन करने की अपील की।
मान ने सबसे पहले शकूरबस्ती में दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के लिए रोड शो किया। फिर उन्होंने त्रिनगर और मंगोलपुरी विधानसभा में रोड शो कर आप उम्मीदवार के लिए वोट मांगे।
रोड शो में बड़ी संख्या में ‘आप’ कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहें। लोगों ने फूल बरसाकर और नारे लगाकर मुख्यमंत्री मान का स्वागत किया। मान ने भी लोगों का धन्यवाद किया और उनसे दिल्ली में फिर से अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।
शकूरबस्ती में रोड शो के दौरान भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल छाप का एक गुब्बारा हवा में लटका हुआ था। गुब्बारा की हवा निकली जा रही थी। मान ने उसपर चुटकी ली और लोगों को दिखाते हुए कहा कि यह संकेत है दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हवा निकल चुकी है। नतीजे वाले दिन भी उनका यही हाल होने वाला है।
त्रिनगर में लोगों को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि 5 फरवरी का दिन दिल्ली के लिए ऐतिहासिक साबित होगा इसलिए ऐसे उम्मीदवार को चुनें जो आपके बीच रहता हो और आपके मुद्दे व समस्याओं को समझता हो। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार साधारण परिवार से आते हैं, इसलिए आपकी समस्याओं को अच्छे से समझते हैं।
भाजपा पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि पहले वे केजरीवाल की कल्याणकारी योजनाओं को मुफ़्त की रेवड़ी कहते थे और अब वे खुद मुफ्त चीजों की घोषणा कर रहे हैं। लेकिन वे लोग कुछ नहीं देंगे, पहले भी उन्होंने हर लोगों को 15 लाख देने जैसे कई झूठे वादे किए थे। उन्होंने कहा कि सिर्फ आम आदमी पार्टी ही जो कहती है वह करती है। पंजाब और दिल्ली में हमने अपने सभी वादे पूरे किए हैं।
see this link also….PUNJAB AIMS TO ACHIEVE WORLD-CLASS EDUCATION STANDARDS WITH INTERNATIONAL COLLABORATION
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा को फिर से बहुत कम सीटें आने वाली है। इतना कम कि उनके सभी विधायक एक कार में बैठकर एकसाथ विधानसभा जा सकते हैं। वहीं कांग्रेस का जीरो सीटों का रिकॉर्ड इस बार भी कायम रहने वाला है। कांग्रेस को इसमें कोई नुकसान भी नहीं होगा। उनका पहले भी जीरो था और आगे भी जीरो रहेगा।
मान ने भाजपा पर आप नेताओं पर जानबूझकर झूठे पर्चे दर्ज करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने हमारे नेता अरविंद केजरीवाल को झूठे केस में फंसाकर जेल में रखा। लेकिन उन्हें नहीं पता है कि वे अरविंद केजरीवाल को तो जेल में कैद कर सकते हैं लेकिन उनकी सोच को जेल में नहीं रख सकते।
मंगोलपुरी में मान ने लोगों को पंजाब की ‘आप’ सरकार के काम बताए। उन्होंने कहा कि पंजाब में हमारी सरकार बने करीब तीन साल हुए हैं। अभी तक हमने 850 मोहल्ला क्लीनिक बना दिए। सरकारी अस्पतालों और सरकारी स्कूलों का कायापलट कर रहे हैं। इसके अलावा पिछले तीन साल हमने पंजाब में 50,000 से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी है। पंजाब में हर गांव में नौजवानों को सरकारी नौकरी मिली है, वह भी बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के। वहीं आज पंजाब के 90 प्रतिशत से ज्यादा घरों में बिजली के बिल जीरो आ रहे हैं।
मान ने भाजपा और कांग्रेस पर आम आदमी पार्टी की गारंटी शब्द चुराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले वे लोग मेनिफेस्टो कहते थे, फिर संकल्प पत्र कहने लगे, घोषणा पत्र भी कहते रहे हैं, लेकिन जब से अरविंद केजरीवाल ने गारंटी दी तब से ये लोग भी गारंटी बोलने लगे हैं।

