
अमृतसर/चंडीगढ़, 25 अगस्त
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को अपने परिवार के साथ श्री दरबार साहिब और दुर्गियाना मंदिर में मत्था टेका। दिल्ली एक्साइज मामले में जमानत मिलने के बाद यह उनका पहला पंजाब दौरा था।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी सिसोदिया के साथ मंदिर पहुंचकर ईश्वर का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा, “हमें शुरू से ही पता था कि मनीष सिसोदिया पर लगाए गए आरोप झूठे थे और अदालत में ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाएंगे।” मान ने अरविंद केजरीवाल के मामले में भी इसी तरह का विश्वास जताया।
श्री दरबार साहिब में मीडिया से बात करते हुए सिसोदिया ने कहा, “मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे सचखंड में मत्था टेकने का मौका मिला। जेल में भी मैं यही प्रार्थना करता था कि सच्चाई की जीत हो।” उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री मान के भाई हैं और दोनों ने मिलकर केजरीवाल के जल्द रिहाई की प्रार्थना की।





