
AAP ने अरविंद केजरीवाल पर हमले की कड़ी निंदा की, कहा- दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
“हमला शर्मनाक है, भाजपा हताश हो चुकी है,” बोले भगवंत मान
AAP नेताओं को डराने में BJP नाकाम, दिल्ली की जनता देगी करारा जवाब: अमन अरोड़ा
चंडीगढ़, 30 नवंबर
आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में हुए इस हमले को लेकर AAP ने आरोप लगाया कि भाजपा, अपनी संभावित हार से घबराकर, इस तरह की घटिया हरकतें कर रही है। पार्टी का दावा है कि केजरीवाल को जानबूझकर निशाना बनाया गया क्योंकि वे लगातार दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे थे।
AAP ने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और वहां अराजकता का माहौल है। इस हमले ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की विफलता को उजागर कर दिया है।
भगवंत मान: भाजपा की हताशा का परिणाम
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हमले पर गहरी चिंता जताई और इसे “बेहद शर्मनाक” करार दिया। उन्होंने कहा, “जब से अरविंद केजरीवाल ने भाजपा से कानून व्यवस्था और जनता की सुरक्षा पर सवाल पूछने शुरू किए हैं, वे बौखला गए हैं। यह हमला उनकी हताशा का परिणाम है। यह तीसरा हमला है जो मात्र 35 दिनों में हुआ है। जब-जब भाजपा अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में विफल होती है, तो वह हिंसा और विवाद का सहारा लेती है।”
अमन अरोड़ा: भाजपा की साजिश बेनकाब
AAP पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पार्टी सुप्रीमो पर हुआ यह हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “देश की जनता सब देख रही है। दिल्ली की जनता इस निंदनीय कृत्य का उचित जवाब देगी। भाजपा इस तरह की गंदी राजनीति से AAP नेताओं को डरा नहीं सकती। अगर भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा नहीं कर सकती, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी कैसे देगी?”
उन्होंने आगे कहा, “यह कायराना हमला भाजपा की वह कोशिश है, जो अरविंद केजरीवाल की आवाज़ को दबाने के लिए की गई है। लेकिन भाजपा को समझना चाहिए कि ये गंदी चालें दिल्ली की जनता को AAP के साथ खड़े होने से रोक नहीं सकतीं।”
see this link also……AAP Punjab Prepares for Municipal Corporation Elections with High-Level Strategy Meetings
हरपाल चीमा: गृह मंत्रालय जिम्मेदारी ले
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा, “अरविंद केजरीवाल पर हमला भाजपा के डर को दर्शाता है और दिल्ली में कानून व्यवस्था की पूरी तरह से नाकामी को उजागर करता है। केंद्रीय गृहमंत्री को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। यह बेहद शर्मनाक है।”
तरुणप्रीत सिंह सोंध: भाजपा को जवाब देना होगा
कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “अरविंद केजरीवाल भारतीय राजनीति के सबसे शिक्षित नेताओं में से एक हैं। जो व्यक्ति हजारों बच्चों को मुफ्त शिक्षा, हजारों लोगों को मुफ्त इलाज और युवाओं को रोजगार देता है, उसके साथ ऐसा व्यवहार असहनीय है। भाजपा उन राज्यों में कानून व्यवस्था को अस्थिर करती है, जहां वह सत्ता में नहीं होती। मैं पूछना चाहता हूं कि दिल्ली पुलिस क्या कर रही है? भाजपा को इसका जवाब देना होगा क्योंकि दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के अधीन है।”
मालविंदर सिंह कंग: भाजपा अरविंद केजरीवाल से डर गई है
AAP सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कहा, “दिल्ली में कानून व्यवस्था बनाए रखने में भाजपा विफल रही है। हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था कि दिल्ली में महीनों से अपराध और जबरन वसूली बढ़ रही है। गृह मंत्रालय इसे रोकने में पूरी तरह असफल रहा है। भाजपा ने डर के कारण यह हमला करवाया है। यह उनकी कायरता को दर्शाता है।”




