पटियाला/एक अप्रैल
पटियाला से आम आदमी पार्टी के पूर्व सांसद ड़ॉ धर्मवीर गांधी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही ड़ॉ. गांधी को पटियाला से कांग्रेस अपना उम्मीदवार घोषित कर देगी।
साल 2014 के चुनाव में ड़ॉ गांधी ने पटियाला से कांग्रेस प्रत्याशी परनीत कौर को 20 हजार से अधिक मतों से हरा कर नया इतिहास रचा था। मौजूदा समय की सांसद परनीत कौर कुछ समय पहले कांग्रेस को अलविदा कह भाजपा में शामिल हो गई थी। वह इस समय भाजपा की पटियाला से प्रत्याशी घोषित की गई है। वहीं आम आदमी पार्टी का बात करें तो उनकी तरफ से मौजूदा सेहत मंत्री ड़ॉ. बलबीर को लोकसभा का प्रत्याशी घोषित किया गया है।
2013 में आप में शामिल होने वाले ड़ॉ गांधी का आप से मोह भंग हो गया था। उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। 2019 में ड़ॉ. गांधी ने नवां पंजाब नामक पार्टी का गठन कर चुनाव भी लड़ा। चुनाव में वह तीसरे स्थान पर रहे। अब उन्होंने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया है। ड़ॉ. गांधी के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिली है। क्योंकि परनीत कौर के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को काफी नुकसान हुआ माना जा रहा था। परंतु अब ड़ॉ. गांधी के आने से पार्टी के कार्यकर्ताओं में एक नया जोश देखने को मिल रहा है।





