-श्री राम आर्य स्कूल में चरित्र निर्माण अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित
पटियाला, 16 मई
श्री राम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पटियाला में चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अंतरराष्ट्रीय लेखक एवं शिक्षाविद् अनिल कुमार भारती ने विद्यार्थियों को उच्च चरित्र निर्माण तथा विद्यार्थी जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल के प्रिंसिपल प्रदीप बंसल ने विद्यार्थियों को शिक्षाविद् अनिल कुमार भारती से परिचित करवाते हुए कहा कि उन्हें यह बताते हुए अत्यंत गर्व महसूस हो रहा है कि वर्ष 1971 से 1982 तक इसी महान शिक्षण संस्थान से शिक्षा और संस्कार प्राप्त करने वाले भारती आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी, पंजाबी और अंग्रेज़ी भाषाओं के प्रचार-प्रसार हेतु उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें मॉस्को (रूस) में महामना मदन मोहन मालवीय अंतरराष्ट्रीय भाषा गौरव सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है, जिससे देश और विद्यालय दोनों का गौरव बढ़ा है।
इस अवसर पर उपस्थित लगभग 200 विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारती ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में हमेशा ऐसे कार्य करने चाहिए जिनसे माता-पिता, गुरुजनों और देश का नाम रोशन हो। उन्होंने कहा कि कभी भी ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे इनमें से किसी का भी अपमान या बदनामी हो।
watch……Historic Moment: Rural Students Beat Urban in Punjab Class 10th Exams; Jaito’s Harleen Bags Top Spot
विद्यार्थियों को सभी प्रकार के नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के प्रभावी सूत्र भी बताए। अपने शिक्षा क्षेत्र के अनुभव साझा करते हुए भारती ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और शिक्षकों की सलाह व मार्गदर्शन से अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए तथा उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर और गंभीर प्रयास करते रहना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के अन्य उपाय बताते हुए कहा कि पढ़ाई, खेल, मोबाइल और इंटरनेट के उपयोग के लिए समय का सही और संतुलित प्रबंधन बेहद आवश्यक है। मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग केवल ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से ही करना चाहिए, क्योंकि इनका असीमित उपयोग कई गंभीर समस्याओं को जन्म दे सकता है, जिनसे बाहर निकलना कठिन हो जाता है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि दूसरों से प्रतिस्पर्धा करने के साथ-साथ स्वयं के पिछले प्रदर्शन से बेहतर करने का प्रयास करना भी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रबुद्ध अध्यापकगण संजीव कुमार, गीतिका शर्मा, अंजलि स्याल, ऋतु दीवान, अमरीश शर्मा, मंजू बाला और भावना रोहिल्ला ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से भारती का विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने के लिए आभार व्यक्त किया गया।




