गुजरात में भाजपा की विदाई तय, इस बार जनता करेगी बाय-बाय: केजरीवाल
भगवंत मान ने कहा, हमने पंजाब में बिना रिश्वत दी नौकरियां, गुजरात में भाजपा ने पेपर लीक करवाए
आदिवासी नेता चैतर वसावा ने भाजपा के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया तो झूठे केस में जेल भेजा गया: केजरीवाल
तालुका-पंचायत चुनाव में ‘आप’ आम लोगों को टिकट देगी, युवा आगे आएं और अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी लें: केजरीवाल
अब तक गुजरात में कोई विपक्ष नहीं था, लेकिन अब ‘आप’ मजबूत विपक्ष है, जो भाजपा को हराएगी: केजरीवाल
गुजरात की जनता की अलग-अलग लड़ाइयों को एकजुट कर भाजपा-कांग्रेस की जमानत जब्त करनी है: केजरीवाल
30 साल से सत्ता में बैठी भाजपा से अब जनता जाग चुकी है और हिसाब लेगी: भगवंत मान
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने विधायक चैतर वसावा की गिरफ्तारी के विरोध में डेडियापाड़ा में की जनसभा
नई दिल्ली/गुजरात, 24 जुलाई 2025
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को गुजरात के डेडियापाड़ा विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को संबोधित किया। ‘आप’ विधायक चैतर वसावा की गिरफ्तारी के विरोध में आयोजित इस जनसभा में उमड़े जन सैलाब को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में भाजपा का समय पूरा हो चुका है। अब गुजरात से भाजपा की विदाई तय है। इस बार जनता ने भाजपा को बाय-बाय करने का मन बना लिया है। उन्होंने भाजपा सरकार के दमन और शोषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आदिवासी नेता चैतर वसावा ने भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया, जिसके डर से भाजपा ने उन्हें झूठे केस में जेल में डाल दिया। केजरीवाल ने ऐलान किया कि आगामी तालुका-पंचायत चुनाव में ‘आप’ आम लोगों को टिकट देगी। गुजरात में अब ‘आप’ एक मजबूत विपक्ष के रूप में उभरी है, जो जनता के साथ मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।
भाजपा सरकार के शोषण और दमन से आदिवासी समाज नाराज: केजरीवाल
डेडियापाड़ा में ‘आप’ विधायक चैतर वसावा की गिरफ्तारी के विरोध में आयोजित जनसभा में केजरीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने आदिवासी समाज का शोषण किया, उनका दमन किया और उनके हक छीने। आज पूरा आदिवासी समाज भाजपा से नाराज है। आदिवासी समाज ने भाजपा और कांग्रेस के नेताओं को वोट दिए, लेकिन इन नेताओं, मंत्रियों या पार्टियों ने कभी आदिवासी समाज की आवाज नहीं उठाई। 2022 में गुजरात में चुनाव हुए और डेडियापाड़ा से आदिवासी समाज का युवा नेता चैतर वसावा चुनाव में खड़ा हुआ। पढ़े-लिखे और समाजसेवी चैतर वसावा को आदिवासी समाज ने भारी मतों से जिताकर विधानसभा में भेजा। विधायक बनने के बाद चैतर वसावा ने लगातार आदिवासी समाज के मुद्दे उठाए।
जनता का पैसा चुराकर भाजपा नेता बना रहे महल: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और सड़कों की हालत बदतर है। चैतर वसावा ने स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, बिजली, पानी, जंगल और जमीन के मुद्दे उठाए। उन्होंने देखा कि सरकार हर साल स्कूलों, अस्पतालों और सड़कों के लिए जो पैसा भेजती है, वह भाजपा नेताओं की जेब में चला जाता है। भाजपा का छोटा-मोटा नेता विधायक बनने से पहले साइकिल पर चलता है, टूटा-फूटा घर होता है, लेकिन पांच साल में स्कूलों, अस्पतालों और सड़कों का पैसा चुराकर वह 10 महल और 10 बड़ी-बड़ी गाड़ियां खरीद लेता है। पहली बार चैतर वसावा ने आदिवासी समाज की आवाज उठाई और भाजपा के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया। इससे डरी भाजपा को लगा कि अगर चैतर वसावा इस तरह आवाज उठाता रहा, तो आदिवासी समाज उन्हें वोट नहीं देगा।
भाजपा ने मनरेगा का पैसा भी खा लिया, नीचता की सारी हदें पार: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि मनरेगा में गरीबों को न्यूनतम मजदूरी के साथ 100 दिन का रोजगार मिलता है। जो लोग दो वक्त की रोटी नहीं जुटा पाते, वे मनरेगा में मजदूरी करते हैं। लेकिन भाजपा इतनी नीच है कि उसने गरीबों के मनरेगा का पैसा भी खा लिया। चैतर वसावा ने 2500 करोड़ रुपये के मनरेगा घोटाले का पर्दाफाश किया। उन्होंने पहले विधानसभा में, फिर मीडिया और सड़क पर आवाज उठाई, और भाजपा के एक मंत्री के दो बेटों को जेल भिजवाया। इसके बाद भाजपा सरकार ने चैतर वसावा को झूठे केस में जेल में डाल दिया। केजरीवाल ने कहा कि चैतर वसावा ने कोई अपराध नहीं किया। भाजपा के कहने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज गायब कर दी और उन पर झूठा केस बनाया। भाजपा चैतर वसावा को डराना चाहती है, लेकिन वह बब्बर शेर है, उसे जेल भेजकर डराया नहीं जा सकता।
हम भाजपा से डरते नहीं, जितना जेल भेजेंगे, उतना जनता ‘आप’ से जुड़ेगी: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने ‘आप’ के कई नेताओं को जेल भेजा। पिछले साल मुझे भी एक साल तक जेल में रखा। मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह को भी जेल में डाला। उन्हें लगा कि इससे हम डर जाएंगे और ‘आप’ टूट जाएगी। लेकिन ‘आप’ और मजबूत हुई। हम डरने वाले नहीं हैं। 2027 में गुजरात में चुनाव हैं। अब भाजपा गोपाल इटालिया और इशुदान गढ़वी को भी जेल भेजेगी। लेकिन उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है। जब भगवान किसी को बर्बाद करना चाहता है, तो पहले उसकी बुद्धि भ्रष्ट करता है। जितना वे हमें जेल भेजेंगे, उतना ही जनता ‘आप’ के साथ जुड़ेगी।
गरीब पशुपालकों पर लाठी-डंडे बरसाती है भाजपा: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि हर साल सरकार जून में पशुपालकों को 17% बोनस देती है। लेकिन इस साल भाजपा ने पशुपालक किसानों का बोनस नहीं दिया। साबर डेयरी में पशुपालकों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया, तो भाजपा सरकार ने उन पर लाठी-डंडे और आंसू गैस के गोले बरसाए, जिससे गरीब पशुपालक अशोक चौधरी की दुखद मृत्यु हो गई। उनके घर पर छत तक नहीं है। भाजपा ने गरीब पशुपालकों का पैसा लूटकर महल बनाए और जमीनें खरीदीं। जब पशुपालक मंडी में दूध बेचने जाता है, तो फैट मापने वाली मशीन भी गड़बड़ होती है, जिससे उनका पैसा भी खा लिया जाता है।
पंचायत चुनाव में भाजपा-कांग्रेस की जमानत जब्त कर चैतर वसावा की गिरफ्तारी का बदला लेंगे: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में सड़कें टूटी हैं, फ्लाईओवर और पुल गिर रहे हैं, और नकली शराब खुलेआम बिक रही है। गुजरात की जनता को एकजुट होना होगा। जब जनता खड़ी होगी, तो भगवान भी मदद करेगा। ‘आप’ सिर्फ आम लोगों को टिकट देती है। चैतर वसावा एक आम आदमी हैं। केजरीवाल ने ऐलान किया कि अगले कुछ महीनों में पंचायत, जिला पंचायत और नगर पालिका के चुनाव होंगे। युवा सामने आएं, ‘आप’ गरीबों को टिकट देगी। युवा अपने गांव की जिम्मेदारी लें। पंचायत चुनाव में ‘आप’ को नाम भेजें, हम टिकट देंगे। भाजपा और कांग्रेस की जमानत जब्त कराकर चैतर वसावा की गिरफ्तारी का बदला लेना है।
गुजरात में भाजपा-कांग्रेस मिलकर जनता को लूट रहे हैं: केजरीवाल
केजरीवाल ने गुजरात की जनता को कांग्रेस से सावधान रहने को कहा। उन्होंने कहा कि गुजरात में सिर्फ भाजपा की सरकार नहीं, बल्कि भाजपा-कांग्रेस का गठबंधन चल रहा है। ये दोनों मिलकर जनता को लूट रहे हैं। मनरेगा, सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों, जल, जंगल, जमीन और नकली शराब का धंधा दोनों का साझा है। कांग्रेस भाजपा को हराना नहीं चाहती, क्योंकि दोनों मिले हुए हैं। अब तक गुजरात में कोई विपक्ष नहीं था, लेकिन अब ‘आप’ एक मजबूत विपक्ष है। ‘आप’ गुजरात की जनता की लड़ाई लड़ेगी, लेकिन जनता को भी जिम्मेदारी लेनी होगी।
भाजपा को हराने के लिए गुजरात की सारी लड़ाइयों को एकजुट करना होगा: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि पूरे आदिवासी समाज को चैतर वसावा की गिरफ्तारी का बदला लेना है, ताकि भाजपा दोबारा उनकी तरफ देखने की हिम्मत न करे। चैतर वसावा का संदेश गुजरात के हर घर तक पहुंचना चाहिए। पूरे गुजरात को एकजुट होना होगा। उत्तरी गुजरात में पशुपालक और आदिवासी समाज अलग-अलग लड़ाई लड़ रहे हैं। भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए इन सभी लड़ाइयों को एक करके गुजरात की लड़ाई बनानी होगी। पहले 30 साल कांग्रेस ने राज किया, अब 30 साल से भाजपा राज कर रही है। गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं कि समय का चक्र घूमता है। अब भाजपा का समय पूरा हो गया है और उसकी विदाई का समय आ गया है।
भाजपा का हर वादा जुमला, देश को बर्बादी की ओर ले जा रही है: भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आदिवासी होने का मतलब है जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, लेकिन भाजपा जल, जंगल, जमीन और पूरा देश बेच रही है। जब आदिवासी जाग जाता है, तो कोई तूफान उसे रोक नहीं सकता। लेकिन आदिवासी समाज खुद को अकेला न समझे, ‘आप’ उनके और चैतर वसावा के साथ खड़ी है। चैतर वसावा पहले भी किसानों के हक के लिए ट्रैक्टर के सामने खड़े होकर जेल गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दी और झूठे केस बनाए। भाजपा ने ‘आप’ नेताओं पर पहले भी झूठे केस किए, लेकिन उनके कागज खत्म हो जाएंगे, हमारे लोग नहीं।
मान ने कहा कि गुजरात में 30 साल से भाजपा की सरकार है। जनता 30 साल तक चुप रह सकती है, लेकिन जब जागती है, तो 30 साल का हिसाब 30 मिनट में ले लेती है। गुजरात में अब हिसाब का समय आ गया है। कांग्रेस और भाजपा मिले हुए हैं और गुजरात में पहले कोई विपक्ष नहीं था। लेकिन अब ‘आप’ ने झाड़ू के बटन के साथ तीसरा रास्ता खोल दिया है, जो भ्रष्ट व्यवस्था की सफाई करेगा। मान ने जनता से एकजुट रहने की अपील की और कहा कि बारिश हो या धूप, एकता से भाजपा की दीवारें हिलेंगी। ‘आप’ शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार की बात करती है, न कि नफरत या लड़ाई की।
watch…..CM Mann Advocates Stronger UK Ties in Education, Manufacturing, and Other Key Sectors
मान ने ‘आप’ की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि पंजाब में 3 साल में 55,000 सरकारी नौकरियां बिना रिश्वत या सिफारिश के दी गईं। मेरिट के आधार पर चिट्ठी घर पहुंचती है कि आ जाओ, कुर्सी तुम्हारा इंतजार कर रही है। वहीं, गुजरात में हर साल भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, चाहे कलेक्टर के हों या अन्य बड़े पदों के। आदिवासी बच्चे सुबह 3 बजे उठकर खेतों में किताब पढ़ते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनके सपने टूट जाते हैं। यह सरकार की टूटी-फूटी व्यवस्था का नतीजा है। पंजाब में ‘आप’ ने पेपर लीक रोके और गुजरात में भी ऐसा करेगी। भाजपा का हर वादा जुमला है। देश 140 करोड़ लोगों का है, लेकिन यह बर्बादी की ओर जा रहा है। जनता को जागना होगा और एकजुट होकर अपने हक के लिए सवाल पूछने होंगे।

