Onnline TV

पंजाब हिंदी

डॉ. बलवीर सिंह : बौना वायरस से धान की सुरक्षा अहम

पटियाला,, 20 सितंबर

पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने आज कृषि विभाग के विशेषज्ञों की टीम के साथ पटियाला जिले के गांव लंग, लचकाणी, नया फतेहपुर, भक्षीवाला, दंदराला खुद, लोट, आलोवाल और सिद्धूवाल का दौरा किया। उन्होंने सदर्न राइस ब्लैक स्ट्रिप्ड ड्वार्फ वायरस (बौना वायरस) और झूठी कांगियारी (हल्दी रोग) से प्रभावित धान की फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत की और कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि इस वायरस से प्रभावित फसल के संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और कृषि मंत्री से चर्चा की है, ताकि तत्काल समाधान ढूंढकर किसानों की हरसंभव मदद की जा सके।

डॉ. बलवीर  ने कहा कि पटियाला जिले में लगभग 8,000 एकड़ धान की फसल इस वायरस और हल्दी रोग से प्रभावित हुई है। उन्होंने कृषि विशेषज्ञों को कारणों की विस्तृत जांच करने और तत्काल राहत के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि वायरस का प्रसार और न हो। उन्होंने जोर दिया कि पंजाब सरकार बाढ़ और फसल पर वायरस के दोहरे प्रहार झेल रहे किसानों की पूरी सहायता करेगी।

विशेषज्ञों के हवाले से उन्होंने बताया कि इस बार 25 जून से पहले लगाए गए धान, विशेष रूप से पीआर 131, पीआर 132 और पीआर 114 किस्में, इस बीमारी से सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। झूठी कांगियारी से प्रभावित पौधे बौने रह जाते हैं, ठीक से नहीं बढ़ पाते और उनमें दाने नहीं बनते। उन्होंने कहा कि इस बार अधिक बारिश और नमी के कारण वायरस और हल्दी रोग का प्रसार बढ़ा है।

किसानों को तत्काल कदम उठाने की सलाह देते हुए डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि विशेषज्ञों ने खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने, जिंक की खुराक देने और सफेद पीठ वाले टिड्डे पर नियंत्रण के लिए कीटनाशक छिड़काव की सिफारिश की है, क्योंकि यह कीट हवा के साथ स्वस्थ पौधों में वायरस फैलाता है।

watch….4,658 Km Roads and 68 Bridges Damaged in Punjab Floods: A Wake-Up Call for Infrastructure

डॉ. बलवीर सिंह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार स्थिति से पूरी तरह अवगत है और नुकसान को कम करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह लेना जरूरी है, ताकि बीमारी को बढ़ने से रोका जा सके।

इस मौके पर मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. जसविंदर सिंह, कृषि अधिकारी गुरमीत सिंह, कृषि विकास अधिकारी रसपिंदर सिंह, कृषि विस्तार अधिकारी रविंदर सिंह छठा, जसविंदर गांधी, जय शंकर, सरपंच संजीव राय और सुरेश राय मौजूद थे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *